दोपहर में हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में रोगियों की भीड़,
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज में बृहस्पतिवार को सुबह ओपीडी खाली रही। वहीं दोपहर में भीड़ रही। इसके चलते लोगों को कतार में खड़े होकर इंतजार करना पड़ा।
सुबह झमाझम बारिश का असर मेडिकल कालेज की ओपीडी पर दिखाई दिया। पंजीकरण काउंटर से लेकर ओपीडी तक सब खाली रहे। कभी कभी कोई पेशेंट आकर पंजीकरण कराता रहे और डॉक्टर को दिखाते रहे। यह क्रम करीब 11 बजे तक चला।
इसके बाद मौसम साफ होते ही लोग आना शुरू हो गए। दो बजे तक ओपीडी में 1600 रोगियों ने पंजीकरण कराकर इलाज कराया। वहीं इमरजेंसी में 150 मरीजों ने अपना इलाज कराया। हड्डी रोग विभाग, मेडिसीन व चर्म रोग विभाग में सर्वाधिक भीड़ रही। इसके अलावा औषधि काउंटर पर भी ठसाठस लाइन लगी रही। सीएमएस डॉ. एचके मिश्र ने बताया कि सुबह बारिश के चलते रोगी नहीं पहुंच पाए। बाद में भीड़ बढ़ गई। सभी रोगियों को डॉक्टरों ने देखा और इलाज किया। सभी को दवाएं भी दी गईं।
दवा पाने के लिए अब छोटी पर्ची के साथ डॉक्टर की पर्ची जरुरी : मेडिकल कालेज में दवा की छोटी पर्ची के साथ डॉक्टर की ओपीडी वाली पर्ची भी दिखाना होगा। तभी औषधि काउंटर से दवाई मिलेगी। संवाद