दुबई में रह रहे छोटे भाई ने फोन पर दी सूचना, माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
मालवाहक जहाज में इंजन फिटर के रूप में करता था काम
सुरौली (देवरिया)। होर्मुज में जहाज पर हुए हमले में सुरौली थाना क्षेत्र के सिरोली गांव के रहने वाले शिवानंद चौरसिया (38) की मौत हो गई। बृहस्पतिवार की सुबह दुबई में रह रहे उनके छोटे भाई रामप्रवेश चौरसिया ने घर वालों को फोन कर इसकी जानकारी दी। परिवार के मुताबिक शिवानंद मालवाहक जहाज पर इंजन फिटर के तौर पर काम करते थे।
जानकारी के मुताबिक बुधवार को ओमान तट के पास अमेरिका ने एक मालवाहक जहाज पर हमला किया जिस पर इंडियन क्रू के 24 कर्मचारी सवार थे। इनमें 21 को बचा लिया गया जबकि तीन लापता हो गए थे। लापता कर्मचारियों में देवरिया सुरौली थाना क्षेत्र के सिरोली गांव के रहने वाले शिवानंद चौरसिया भी शामिल थे। शिवानंद मालवाहक जहाज पर इंजन फिटर के पद पर कार्यरत थे। वह करीब दो वर्ष पहले रोजगार के सिलसिले में घर से बाहर गए थे। पिता रामजी चौरसिया ने बताया कि पांच दिसंबर 2025 को मालवाहक जहाज में सवार होकर वह मुंबई से सिंगापुर के लिए रवाना हुए थे। इसके बाद उनका जहाज चीन, ओमान होते हुए ईरान की ओर जा रहा था। बुधवार को होर्मुज क्षेत्र में हुए हमले में शिवानंद की मौत हो गई।
रामजी ने बताया कि इसकी जानकारी सबसे पहले दुबई में रह रहे उनके छोटे बेटे रामप्रवेश चौरसिया ने फोन पर शिवानंद की पत्नी सुशीला को दी। उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देने के साथ ही बताया कि वह भी घर लौट रहा है। शिवानंद की मौत की जानकारी के बाद परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। जानकारी के बाद पुलिस फोर्स भी गांव में पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
000
पत्नी से हुई थी आखिरी बार बात
कैसी हो तुम, घर में सब ठीक तो है, बच्चे सो गए? पति शिवानंद चौरसिया के यही शब्द अब उनकी पत्नी सुशीला के लिए आखिरी याद बनकर रह गए हैं। जहाज पर हुए अमेरिकी हमले में शिवानंद की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार गहरे सदमे में है। पत्नी सुशीला ने बताया कि सोमवार की रात में शिवानंद का फोन आया था। उस समय वह बेटे राजवीर और बेटी वानिकी को सुला रही थीं। नेटवर्क की समस्या की वजह से कुछ ही सेकंड में फोन कट गया था। उसके बाद फिर बात नहीं हो सकी।