देवरिया। सदर ब्लॉक सभागार में ग्राम पंचायतों की स्वयं की आय बढ़ाने संबंधी दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ सोमवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एडीपीआरओ श्रवण कुमार चौरसिया ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों को अपनी आय बढ़ाकर आत्मनिर्भर बनाना है। पंचायत स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के उपयोग एवं नवाचारों को अपनाकर विकास के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। डीपीआरसी सह प्रबंधक ब्रजेश नाथ तिवारी ने बताया कि कार्यशाला का केंद्रीय विषय पंचायतों की आय में वृद्धि के उपायों पर मंथन करना था।
इस दौरान प्रतिभागियों से प्राप्त कई उपयोगी सुझाव ग्राम पंचायतों की वित्तीय स्थिति मजबूत करने में सहायक होंगे। मुख्य प्रशिक्षक अजीत कुमार तिवारी ने पंचायतों में कर लगाने से संबंधित विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) विंध्याचल सिंह ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जनजागरूकता बढ़ती है और पंचायतें अपने संसाधनों के प्रति अधिक संवेदनशील होती हैं।
प्रशिक्षक आशुतोष दूबे ने गैर कर राजस्व के उपायों जैसे बाजार एवं तालाबों का पट्टा, पार्कों में ओपन जिम की स्थापना और पुस्तकालय कर आदि पर प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में दीनानाथ प्रजापति, शशिभूषण मिश्रा, अविनाश पासवान आदि उपस्थित रहे।