भटनी। क्षेत्र में रविवार की शाम तेज हवा के साथ हुई बारिश से नगर समेत सौ गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अचानक बिजली गुल होने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विभागीय कर्मचारी फाल्ट का पता लगाने में जुटे हैं और जल्द आपूर्ति बहाल करने का दावा कर रहे हैं। भटनी विद्युत उपकेंद्र से नगर, देहात, बैकुंठपुर, घांटी बाजार और बलुआ अफगान फीडरों के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जाती है। रविवार शाम मौसम खराब होने के साथ तेज हवा और बारिश के कारण लाइन में फाल्ट आ गया, जिससे पांचों फीडरों की आपूर्ति बाधित हो गई।
बिजली आपूर्ति ठप होने से नगर के साथ-साथ करीब सौ गांव अंधेरे में डूब गए। लोगों को पेयजल, घरेलू कार्य और अन्य जरूरी कामों में परेशानी उठानी पड़ी। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम फाल्ट की तलाश में जुट गई।
अवर अभियंता प्रमोद कुमार ने बताया कि तेज हवा और बारिश के कारण लाइन में तकनीकी खराबी आई है। कर्मचारी फाल्ट को दूर करने में लगे हैं,जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।