लार कस्बा, लार देहात व भागलपुर के कई गांवों में बिजली नहीं होने से लोग परेशान रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
चनुकी। उमस भरी गर्मी व कड़ाके की धूप के बीच लार विद्युत उपकेंद्र पर सुबह 10 बजे केबल ब्लास्ट हो गया। इससे उपकेंद्र से दी जाने वाली सैकड़ों गांवों की बिजली बाधित हो गई। देहात क्षेत्र के लोग बगीचे में पेड़ों के नीचे बैठ कर पूरा दिन बिताए तो महिलाएं घरों में हाथ वाले पंखे झलती रहीं। शहर वाले उपकेंद्र की तरफ टकटकी लगाए बैठे रहे कि कब सप्लाई चालू होगी ।
लगभग छह घंटे के बाद बिजली की आपूर्ति चालू हुई तो लोगों को राहत मिली।
उपकेंद्र के जेई गोरख गुप्ता की देखरेख में बिजली कर्मचारियों ने केबल बदल कर शाम लगभग चार बजे आपूर्ति बहाल कर दी। तब लोगों को राहत मिली। इस संबंध में एसडीओ मनीष कुमार यादव ने बताया कि केबल अचानक सुबह ब्लास्ट कर गया। केबल बदलने में पांच से छह घंटे लग जाते हैं। शाम को आपूर्ति बहाल कर दी गई।