बरहज। क्षेत्र के करौंदी गांव में शुक्रवार की देर शाम निर्माणाधीन मकान में मिट्टी भरने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान एक पक्ष ने मिट्टी भरने से रोकने पर वृद्ध मवाजा यादव (70) और उनके पुत्र जयराम (38), मवाजा के भाई कामता (80) और जयराम की पत्नी ममता (35) को लाठी-डंडों से पीटा।
गंभीर रूप से घायल चारों को इलाज के लिए महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कालेज ले जाया गया। चिकित्सक ने मवाजा यादव को मृत घोषित कर दिया। शेष तीन घायलों का इलाज चल रहा है। मवाजा के मौत की जानकारी होने पर घर में चीख पुकार मच गई।
करौंदी गांव निवासी मवाजा यादव और बाबूलाल यादव के परिवार के बीच जमीन को लेकर अदावत चली आ रही है। लोगों के अनुसार बाबूलाल अपने निर्माणाधीन मकान में मिट्टी भरवा रहे थे।
इसी बीच मवाजा यादव के परिवार से कहासुनी होने लगी। लोगों का कहना हे कि मामला इस कदर बिगड़ा कि मारपीट होने लगी। इस दौरान बीच बचाव करने गए मवाजा यादव की भी पिटाई कर दी गई। वे मौके पर बेहोश होकर गिर गए।जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गये। गांव के लोगों ने किसी तरह से माहौल को शांत कराया और घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजवाया।मवाजा के मौत की जानकारी होने पर पत्नी कलमी देवी रोते रोते बेहोश हो गईं। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
एसओ विशाल उपाध्याय ने बताया कि पुत्र जयराम की तहरीर पर 10 ज्ञात के खिलाफ हत्या आदि का केस दर्ज किया गया है। शनिवार को फारेंसिक टीम गांव पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाया। फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के धब्बे आदि का नमूना लिए। मौके से पुलिस ने घटना के दौरान प्रयोग में लाये गये लाठी-डंडे कब्जे में लिया।