बघौचघाट/तरकुलवा। तरकुलवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत पथरदेवा के सिधावें के वार्ड नंबर-7 पांडेय पट्टी में शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में रघुनंदन प्रसाद (75) की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक रघुनंदन प्रसाद पुत्र झींगुर प्रसाद साइकिल से पथरदेवा बाजार में सामान खरीदने गए थे। लौटते समय कंचनपुर-पथरदेवा मुख्य मार्ग पर ब्लॉक मुख्यालय के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर लगते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। रघुनंदन मजदूरी करते थे। उनके तीन बेटे उमेश प्रसाद, शीलभद्र प्रसाद और छोटे प्रसाद भी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।