चार से 15 मई तक बिहार में आयोजित होनी है सातवां खेलो इंडिया यूथ गेम्स
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सातवें खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन बिहार में चार से 15 मई तक होगा। इसके लिए प्रदेश स्तरीय ट्रायल की तिथियों की घोषणा खेल निदेशालय ने कर दी है। 22 अप्रैल को खो-खो का ट्रायल वाराणसी के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। इसमें जिले के भी आठ खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
वाराणसी में होने वाले प्रदेश स्तरीय चयन ट्रायल की तैयारियों में स्पोर्ट्स स्टेडियम के खो-खो खिलाड़ी जुटे हुए हैं। सोमवार को प्रशिक्षक शालिनी शर्मा ने बताया कि 22 अप्रैल को पुरुष और महिला वर्ग में यूपी टीम चयन के लिए ट्रायल होना है। स्टेडियम से पुरुष वर्ग में श्लोक भारती, अखिलेश प्रजापति, मनीष कुमार, मोहित भारती व महिला वर्ग में आंचल निषाद, शिवानी निषाद, प्रीति निषाद, जान्हवी पटेल ट्रायल देने जाएंगी।
यह सभी स्टेडियम में संचालित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के खिलाड़ी हैं। इनका ऑनलाइन पंजीकरण हो चुका है। ऑनलाइन पंजीकरण कराने के बाद ही यह इस प्रदेश स्तरीय ट्रायल का हिस्सा बन रहे हैं। खिलाड़ियो को पहले ही खेलो इंडिया यूथ गेम्स के बारे में बता दिया गया था। ऐसे में यूपी टीम में जगह बनाने के लिए इन्होंने तैयारी भी बेहतर की है। उम्मीद है कि यूपी टीम में जिले के भी खिलाड़ी चुने जाएंगे।