टाउन फीडर को विद्युत आपूर्ति के लिए बिछाई गई थी लाइन, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंस
रुद्रपुर। टाउन फीडर को विद्युत आपूर्ति के लिए बिछाई गई लाइन के 85 खंभे पर लगे तार चोर खोल ले गए। यह लाइन देवरिया सब स्टेशन से रुद्रपुर टाउन फीडर को आपूर्ति के लिए बिछाई गई थी। र
विद्युत निगम के अवर अभियंता राजा गुप्ता ने सुरौली थाने में अज्ञात चोरों पर केस दर्ज कराया है। रविवार की रात चोर महीगंज से कोइलगढ़हा तक खंभे पर लगे एलमुनियम के तार को खोल ले गए । एक साथ 85 खंभों से तार गायब होने के बाद विद्युत निगम में हड़कंप मचा है। निगम चोरी हुई तार की कीमत 50 लाख रुपये बता रहा है। रुद्रपुर टाउन फीडर के लिए बिछाई गई लाइन को पांच साल पहले कंडम कर दिया गया था।
महीगंज में विद्युत सब स्टेशन खुलने के बाद देवरिया से रुद्रपुर आ रही लाइन पर आपूर्ति बंद कर दी गई, मगर खंभे और तार उसी तरह लगे थे। इस बावत जेई राजा गुप्ता ने कहा कि अज्ञात चोरों पर केस दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है । सुरौली थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।