कांग्रेस, सपा नेता सहित आठ उम्मीदवारों ने खरीदे पर्चे
देवरिया। देवरिया विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए नामांकन के दूसरे दिन सोमवार को सपा एवं कांग्रेस के उम्मीदवारों के समर्थक सहित कुल आठ लोगों ने पर्चे खरीदे। अब तक कुल 21 पर्चे खरीदे गए हैं।
नामांकन के दूसरे दिन भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। कलेक्ट्रेट के दक्षिण गेट पर बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मी तैनात थे। इस गेट से जाने वालों की सघन जांच की जा रही थी। इसके बाद उन्हें मेटल डिटेक्टर डोर से होकर गुजरना था। सड़क के दोनों तरफ बैरिकेडिंग की गई थी और गुब्बारे सजाए गए थे। नामांकन कक्ष के बाहर मैट बिछा था। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 अक्तूबर निर्धारित है।
आज खरीदे गए पर्चे
देवरिया विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए नामांकन के दूसरे दिन सपा से ब्रह्माशंकर त्रिपाठी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी से मुकुंद भाष्कर मणि के लिए पर्चे लिए गए। साथ ही भारतीय सर्वजन पार्टी से रामवृक्ष राव, बहुजन मुक्ति पार्टी से नाथू यादव, भारतीय आवाम एकता पार्टी से दुर्गेश मिश्रा तथा मनीष जायसवाल, अमित सिंह, पवन सिंह निर्दल के लिए पर्चे खरीदे गए।
उम्मीदवारों के लिए आयोग ने संचालित किया है सुविधा पोर्टल
देवरिया। देवरिया विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव में आयोग द्वारा सुविधा पोर्टल संचालित किया गया है। उम्मीदवारों को नामांकन पत्र तथा शपथ-पत्र के ऑनलाइन भरे जाने के लिए एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराते हुए दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उम्मीदवारों के लिए यह सुविधा भारत निर्वाचन आयोग के सुविधा पोर्टल https://suvidha.eci.gov.in पर उपलब्ध है। यह जानकारी देते हुए उपजिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन राकेश कुमार पटेल ने सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय, राज्यीय राजनैतिक दलों के अध्यक्ष, मंत्री से कहा है कि वे अपने स्तर से अपने दल के उम्मीदवारों को आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराएं।