देवरिया। ईद की नमाज के मद्देनजर शनिवार को शहर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित और सुलभ बनाए रखने के लिए प्रशासन ने भारी व्यवसायिक एवं कुछ हल्के वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था सुबह छह बजे से प्रभावी होगी और नमाज खत्म होने तक लागू रहेगी।
प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, कसया मार्ग की तरफ से शहर क्षेत्र में आने वाले सभी भारी व्यवसायिक वाहनों को सुबह छह बजे से बालाजी मंदिर तिराहा से सोमनाथ मंदिर मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा।
वहीं, गोरखपुर मार्ग की ओर से आने वाले भारी व्यवसायिक वाहनों को इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप तिराहा से सोमनाथ मार्ग की तरफ मोड़ा जाएगा।
इसी तरह सलेमपुर मार्ग से शहर में प्रवेश करने वाले समस्त भारी व्यवसायिक वाहनों को रुद्रपुर मोड़ तिराहा से कतरारी मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। पिपरपाती चौराहा से भी सुबह छह बजे के बाद किसी भी भारी व्यवसायिक वाहन को शहर क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन अपनी सुविधा के अनुसार सोनूघाट मार्ग अथवा धनौती नहर मार्ग का प्रयोग करेंगे।
अमेठी तिराहा पर भी सुबह छह बजे से भारी व्यवसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। यहां से आने वाले वाहनों को कतरारी मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा।
इसके अलावा कसया पशु अस्पताल से मालवीय रोड की तरफ सुबह छह बजे से नमाज समाप्ति तक किसी भी चार पहिया अथवा तीन पहिया वाहन के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ईद के दिन शहर में निकलने से पहले निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था की जानकारी अवश्य कर लें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी प्रकार की असुविधा न हो।