आज मनाई जाएगी ईद, तैयारियां मुकम्मल
देवरिया। जिले में 14 मई को ईद मनाई जाएगी। हालांकि कोरोना संक्रमण के चलते इस बार भी पर्व के फीका रहेगा। बुधवार को रोजेदारों ने 29वां रोजा पूरा किया। मान्यता है कि 29वें रोजा के दिन चांद के दीदार के बाद अगले दिन ईद मनाई जाती है। लेकिन बुधवार को चांद नहीं दिखने पर रोजेदारों ने बृहस्पतिवार को 30वां रोजा भी पूरा किया।
शुक्रवार को जिले में ईद मनाने के लिए की तैयारियां मुस्लिम मोहल्लों एवं घरों में में चलती रहीं। शहर के अबूबकरनगर, अहमदनगर, अलीनगर, शहीदनगर, महुआबारी, देवरही टोला, इलाही टोला, बसियवां, न्यू कालोनी, खरजरवा, सकरापार, रामनाथ देवरिया, देवरिया खास, इंदिरानगर, लंगड़ी देवरिया मोहल्लों में एक दिन पूर्व से ही पर्व की रौनक दिखी। तहसील रोड, रेलवे स्टेशन रोड आदि जगहों पर सुबह से लेकर शाम तक सेवइयों, कुर्ता-पाजामा, टोपी, इत्र की खरीदारी करने में लोग जुटे रहे। मेहमानों के आवभगत के लिए घरों में विभिन्न प्रकार के पकवानों की तैयारियों में महिलाएं किचन में व्यस्त रहीं। अंजुमन इस्लामिया के सदर मो.जलालुद्दीन खां ने बताया कि 29 वें रोजा के दिन चांद का दीदार होने पर अगले दिन ईद मनाई जाती है। 29 वें रोजा के दिन चांद का दीदार नहीं हुआ तो रोजेदारों ने बृहस्पतिवार को 30वां रोजा भी पूरा किया। 30वें रोजा के अगले दिन ईद मनाने की परंपरा है। इसलिए शुक्रवार को जिले में ईद मनाई जाएगी। सऊदी अरब में बुधवार को ही चांद का दीदार होने के बाद बृहस्पतिवार को ईद मना ली गई। अपने यहां शुक्रवार को सोशल डिस्टेसिंग के नियमों का पालन करते हुए ईद मनाई जाएगी।
मुस्लिम समाज के लोग ईद के नमाज के वक्त भी सरकार की ओर से जारी गाइड लाइन का पालन करेंगे।
आज इन जगहों पर इस समय होगी ईद की नमाज
अंजुमन इस्लामिया के सदर मो.जलालुद्दीन खां ने बताया कि सुबह सात बजे ईद की नमाज ईदगाह पर, 7.15 बजे शहीद अब्दुल गनी शाह बाबा के कुर्ना नाला स्थित मजार पर एवं साढ़े सात बजे तहसील रोड स्थित जामा मस्जिद पर होगी। इन जगहों पर इमाम के अलावा केवल पांच लोग मौजूद रहेंगे। कोरोना संक्रमण के दौर में रोजेदार घरों में ही रहकर ईद की नमाज अदा करेंगे।