संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। रामजानकी मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। सड़क की जद में आने वाले कपरवार पुलिस चौकी और काली मंदिर के पास का पुराना विशाल पेड़ कटवा दिया गया है। अब काली मंदिर और पुलिस चौकी को हटाने की कवायद तेज कर दी गई है। हालांकि, करीब आधा दर्जन से अधिक मंदिर और कुछ प्राथमिक विद्यालय भी सड़क की जद में हैं।
भारत शृंखला माला के तहत रामजानकी मार्ग पर चौड़ीकरण कार्य कराया जा रहा है। इसे मई 2027 तक पूर्ण करा लेने की योजना है। विभाग करीब 13 सौ करोड़ की लागत से परियोजना पर अमलीजामा पहना रहा है। कपरवार से बरहज, लवरछी बाइपास और कुंडौली तक सड़क की जद में आने वाले पेड़ की कटान कराने के साथ बिजली के खंभों को शिफ्ट कराया जा रहा है। कपरवार में दो पुराने विशाल पेड़ शेष बचे हुए थे। विभाग ने इसे भी कटान करा दिया है। सड़क की पटरियों को जेसीबी आदि से समतल कर चौड़ा किया जा रहा है। एनएच 227 ए की ओर से जलनिकासी के लिए पुलिया और बरहज पूर्वी रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज का काम कराया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहीत की गई जमीनों से लोग कब्जा खाली कर रहे हैं।