सलेमपुर। प्रदेश की राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने मंगलवार को तहसील परिसर स्थित ब्लॉक सभागार के पास 24 लाख रुपये की लागत से बनने वाले लेखपाल भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तहसील के नए भवन के लिए भी 12 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही, लार को नगर पालिका बनाने की दिशा में प्रयास जारी है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान तहसील भवन काफी पुराना हो चुका है। नए भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही है। अधिवक्ताओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए अधिवक्ता भवन के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इससे अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और न्यायिक कार्यों के संचालन में भी सहूलियत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में नगर पंचायत लार को नगर पालिका का दर्जा दिलाने के लिए भी उनके स्तर से प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इस दिशा में सकारात्मक निर्णय होगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं और विकास कार्यों का लाभ मिलेगा।