डीआईओएस कार्यालय पर धरना देते शिक्षणेतर कर्मचारी।
- फोटो : amar ujala
देवरिया। 22 सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने शुक्रवार को डीआईओएस कार्यालय में धरना दिया। मांगें पूरी नहीं होने पर कर्मचारियों ने 27 अगस्त को जेडी कार्यालय धरना एवं छह सितंबर को शिक्षा निदेशक कार्यालय लखनऊ पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी। उन्होंने मांगों का ज्ञापन डीआईओएस को सौंपा। धरने के चलते बीएसए, डीआईओएस, डायट, जीआईसी, जीजीआईसी कार्यालय में विभागीय कामकाज पूूरी तरह ठप रहा।
स्थानांतरण नीति वर्ष 2018 के विपरीत निदेशालय से अनियमित स्थानांतरण कर विभाग के कर्मचारियों का उत्पीड़न एवं सहायक लिपिकों के पदोन्नतियों के आदेश को काफी अंतराल के बाद भी जारी नहीं करनेे सहित अन्य मांगों को लेकर धरना आयोजित हुआ। यूपी एजुकेशनल मिनिस्ट्रियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के बैनर तले धरने में जनपदीय अध्यक्ष गजेंद्र राव ने कहा कि विभागीय नीतियों के विरोध में एवं लंबित 22 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। दो माह पूर्व भी संगठन ने इन मांगों को लेकर आंदोलन छेड़ा था। इस पर आश्वासन दिए जाने के बाद भी मांगों के संदर्भ में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। सचिव राजीव प्रसाद गुप्त ने कहा कि इस आंदोलन के दूसरे चरण में जेडी कार्यालय पर 27 अगस्त को एवं अंतिम चरण में शिक्षा निदेशक कार्यालय बेसिक पर धरना दिया जाएगा। धरने में संगठन के मंडलीय पर्यवेक्षक रामनरायन पति त्रिपाठी, उपाध्यक्ष हरेंद्र राव, रमाकांत यादव, बृजेश मिश्र, अजय मिश्र, कुंवर प्रताप, दयाशंकर गुप्ता, इफ्तखार अंसारी, सच्चिदानंद, रामनरायण, धमेंद्र, अखिलेश आर्य, हरिकेश गुप्ता, शशि मिश्रा, मनीष, उमाशंकर यादव आदि शामिल रहे।