फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: शहर में ई रिक्शा के तय होंगे रूट, सड़क पर नहीं खड़ी होंगी बसें

Thu, 22 Jan 2026 12:13 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
देवरिया। शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारू और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को एसपी संजीव सुमन ने पुलिस लाइन सभागार में बैठक की। इस दौरान शहर में लगने वाले जाम के कारणों को लेकर चर्चा हुई। तय किया गया कि मुख्य सड़क समेत हर गली में घुसे रहने वाले ई-रिक्शों का रूट तय कर दिया जाए। इसके अलावा रोडवेज की बसें जगह-जगह सड़क पर न खड़ी हों। बैठक में मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटवाने और वेंडिंग जोन का कड़ाई से पालन कराने का भी निर्णय लिया गया। इस व्यवस्था को लागू कर 15 दिन तक परिणाम देखा जाएगा। इसके बाद फिर बैठक कर समीक्षा की जाएगी।
विज्ञापन

एसपी ने प्रमुख चौराहों, बाजार, स्कूल-कॉलेज के आसपास और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। देवरिया शहर की समीक्षा के दौरान कहा गया कि गोरखपुर-देवरिया-सलेमपुर मुख्य मार्ग पर ही सबसे अधिक ट्रैफिक लोड है और इस रोड के दोनों तरफ फुटपाथ पर अतिक्रमण है। इसलिए अक्सर जाम की समस्या रहती है। रोडवेज की बसें जहां-तहां सवारी चढ़ाती व उतारती हैं, जिससे उनके पीछे अन्य वाहन फंस जाते हैं। इससे हादसे का भी डर बना रहता है। मीटिंग में इस बात की भी चर्चा हुई कि बेतहाशा बढ़े ई रिक्शा की वजह से किसी न किसी मोड़ पर जाम लग ही जाता है। इसलिए इनके रूट का निर्धारण बहुत जरूरी है।
एसपी ने कहा कि जहां-जहां जाम की समस्या अधिक रहती है, वहां स्थानीय पुलिस और यातायात विभाग समन्वय बनाकर तत्काल समाधान करें। बैठक में अधिकारियों से फीडबैक लेकर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की बात कही गई, ताकि आम लोगों को जाम और दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।
विज्ञापन


यातायात नियमों का कड़ाई से हो पालन
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट बांधे चारपहिया वाहन चलाने, ओवर स्पीड, ट्रिपल राइडिंग व गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के साथ-साथ सड़क पर जहां-तहां वाहन खड़े करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसके लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए।
-
जागरूकता पर जोर
एसपी ने कहा कि यातायात व्यवस्था सुधारने में आमजन की सहभागिता जरूरी है। इसके लिए जागरूकता अभियानों को तेज किया जाए और लोगों को नियमों के प्रति संवेदनशील बनाया जाए। स्कूलों और कॉलेजों में विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस की तैनाती तथा साइन बोर्ड और संकेतकों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें