डीएम के आदेश के बाद भी धूल से निजात के लिए सड़क पर नहीं गिराया जा रहा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। क्षेत्रीय विधायक दीपक मिश्र शाका के गांव को जाने वाली करुअना-मगहरा-सलेमपुर सड़क जर्जर हो चुकी है। गर्मी का मौसम और सड़क से उड़ रही धूल से लोगों का राह चलना मुश्किल हो गया है। हालांकि, सड़क निर्माण को लेकर भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण धरना-प्रदर्शन भी कर चुके हैं। अधिकारियों के सड़क पर पानी के छिड़काव के आश्वासन के बाद भी राहगीरों को धूल से निजात नहीं मिल रही है।
टूटी सड़क को लेकर पिछले बृहस्पतिवार को भाजपा नेता प्रमोद मिश्र के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने मार्ग निर्माण के लिए सड़क जाम करते हुए धरना दिया था। इस दौरान किसी ने भजपा नेता के आत्मदाह करने की चेतावनी का वीडियो वायरल कर दिया था। इसके बाद अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए थे।
भाजपा नेता प्रमोद मिश्र का कहना है कि फोन पर डीएम दिव्या मित्तल ने 30 अप्रैल से निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। लू के थपेड़ों के बीच सड़क पर उड़ रही धूल से हालत बद से बदतर हो गई है। एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है।