सलेमपुर में लगे जाम में फंसे राहगीर
सलेमपुर में प्राइवेट बस और टैक्सी चालकों की मनमानी से नगर में जाम की समस्या आम हो गई है। सोहनाग मोड़ और बस स्टैंड पर मंगलवार को लगे जाम में लोगों को घंटों जूझना पड़ा। ड्यूटी पर लगे होमगार्डों के मशक्कत के बाद जाम खत्म हुआ। बाद में पहुंची पुलिस ने सड़क पर सवारी भर रहे एक जीप चालक को हिरासत में लिया।
नगर प्रशासन की ओर से प्राइवेट टैक्सी, बस और टेंपो चालकों को सवारी भरने के लिए स्थान चिन्हित किया गया है। बावजूद इसके चालक सड़क पर वाहन खड़ा कर बेखौफ होकर वाहनों में सवारी बैठाते हैं। इसकी वजह से अक्सर बस स्टैंड और सोहनाग मोड़ पर जाम लगता है। जाम से निजात दिलाने के लिए बीच में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार ने पहल की थी। कई दिनों तक नगर में अभियान चलाकर अतिक्रमण भी खाली कराए थे। लेकिन इन दिनों फिर स्थिति जस की तस हो गई है।
दोपहर में बस स्टैंड के समीप सड़क पर प्राइवेट बस खड़ा कर चालक सवारी भर रहा था। वहां पर मौजूद होमगार्ड भी मूकदर्शक बने थे। सड़क पर बस खड़ी होने की वजह से लंबा जाम लग गया। इसके बाद होमगार्ड सक्रिय हुए और जाम खत्म कराया। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सड़क पर जीप खड़ी कर सवारी भर रहे एक चालक को पकड़ लिया। यह देख अन्य चालक जीप लेकर वहां से भाग निकले।
लोगों का कहना है कि पुलिस और प्राइवेट बस व टैक्सी चालकों के बीच सेटिंग है। पुलिस सिर्फ दिखावे के लिए प्राइवेट वाहन चालकों पर कार्रवाई करती है। इस बाबत प्रभारी कोतवाल शशिकांत पांडेय ने बताया कि एक जीप चालक को हिरासत में लिया गया है। उसकी जीप भी कब्जे में है।