देवरिया/भटनी। भारतीय रेलवे द्वारा वाराणसी रूट पर चल रहे दोहरीकरण कार्य के तहत भटनी से लार रोड तक ट्रैक दोहरीकरण का कार्य पूरा हो गया है। इसके बाद बृहस्पतिवार से इस रूट पर ट्रेनों का संचालन सामान्य होने की उम्मीद जताई गई है।
बुधवार को सीआरएस की ट्रेन ने स्पीड ट्रायल कर इसकी जानकारी दी। अब इस खंड पर लाररोड से बेल्थरारोड रेलवे स्टेशन के बीच काम बाकी होना बताया गया है, जो तुर्तीपार रेलवे स्टेशन के पास घाघरा ब्रिज बनने के साथ पूरा करने का दावा किया गया है। वही ट्रायल कार्यक्रम के चलते रूट की आठ ट्रेनें घण्टों विलंब रही, जिससे यात्री परेशान नजर आए।
भटनी-वाराणसी रेल खण्ड पर दोहरीकरण और विद्युतीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। बुधवार को पिवकोल -सलेमपुर -लाररोड रेलवे स्टेशन के बीच दोहरीकरण का कार्य पूरा हुआ। रेलवे अधिकारियों के अनुसार लार रोड से बेल्थरा रोड तक दोहरीकरण कार्य अभी शेष है। वहीं तुर्तीपार रेलवे स्टेशन के पास घाघरा नदी पर बन रहे रेल पुल के तैयार होने के बाद औड़िहार–भटनी रेलखंड का दोहरीकरण और विद्युतीकरण कार्य पूरी तरह पूरा हो जाएगा।
इस दौरान ट्रैक की तकनीकी जांच की गई। ट्रायल कार्यक्रम के चलते इस रूट से गुजरने वाली मुम्बई -गोरखपुर काशी एक्सप्रेस दो घण्टे, शालीमार-गोरखपुर एक्सप्रेस ढाई घंटे, पूर्णिया कैंट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस दो घंटे, डिब्रूगढ़-लालगढ अवध असम एक्सप्रेस ढाई घंटे, अयोध्या-भटनी पैसेंजर दो घंटे समेत आठ ट्रेनें घंटों देरी से संचालित हुईं, जिससे देवरिया सदर और भटनी जंक्शन पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे भटनी–वाराणसी रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य के कारण रेलवे ने 25 मार्च तक ब्लॉक लिया था, जिसके चलते कई ट्रेनों को निरस्त तथा कुछ को डायवर्ट कर दिया गया था। अब ट्रायल पूरा होने के बाद यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।