बरहज में मृत पक्षियों को देखती पशु चिकित्सकीय टीम
- फोटो : DEORIA
बिना नमूना लिए चिकित्सकों ने पक्षियों को किया दफन, हड़कंप
बरहज (देवरिया)। नगर के पैना मार्ग स्थित शंकरदास कुटी के निकट बगीचे में मंगलवार को करीब पांच पक्षी मृत पाए गए। जानकारी होने पर स्थानीय लोग बर्ड फ्लू की आशंका से सहम गए। लोगों ने इसकी सूचना पशु चिकित्सक को दी। मौके पर पहुंची डाक्टरों की टीम ने बिना नमूना लिए पक्षियों को दफन कर दिया। महामारी के दौर में डाक्टरों की लापरवाही से ग्रामीण हैरान हैं।
पुराना बरहज स्थित शंकरदास की कुटी के पास राजू जायसवाल के बगीचे में घूमने गए कुछ बच्चों ने करीब पांच पक्षियों को मृत पड़े देखा। बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए। बगीचे में तीन कौये, एक महोख मृत मिला। कुछ दूरी पर एक प्राइवेट चिकित्सक के मकान की छत पर एक चमगादड़ मृत पाया गया। मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ. अनिल कुशवाहा और कंचन लता ने मृत पक्षियों को बिना नमूना लिए दफन करा दिया। पक्षियों के मृत पाए जाने और लैब में जांच के लिए न भेजे जाने से लोग दहशत में हैं। पशु चिकित्सक डॉ. अनिल कुशवाहा ने बताया कि पक्षियों को दफन करा दिया गया है। बगल के बैंगन के खेत में दवा छिड़काव से शायद पक्षियों की मौत हुई है। एसडीएम सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पता कराता हूं।