देवरिया। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बृहस्पतिवार को धन्वंतरि सभागार में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के साथ गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग को लेकर एक समीक्षा बैठक की। सीएमओ ने सीएचओ को एनसीडी स्क्रीनिंग शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने कहा कि सीएचओ 30 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी व्यक्तियों की शत-प्रतिशत एनसीडी (गैर-संचारी रोग) स्क्रीनिंग करें, जिसमें मधुमेह, उच्च रक्तचाप और सामान्य कैंसर (मौखिक, स्तन, गर्भाशय ग्रीवा) शामिल हैं। जिसका उद्देश्य समय पर रोगों का पता लगाना और उपचार करना है। सभी पात्र व्यक्तियों की स्क्रीनिंग हो सके ताकि रोगों का शीघ्र पता लगाकर जोखिम को कम किया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक आशा क्षेत्र की एनसीडी स्क्रीनिंग में उस आशा के माध्यम से कराएं। एनसीडी कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, समय पर रिपोर्टिंग, उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों की पहचान तथा उपचार उपलब्धता में सुधार के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि एनसीडी से संबंधित सभी गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा प्रगति संतोषजनक न मिलने पर कार्रवाई होगी।
इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ और नोडल अधिकारी एनसीडी डॉ. अश्वनी पांडेय, डिप्टी सीएम विपिन रंजन, डीपीएम पूनम, डीएमएचसी विश्वनाथ मल्ल, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, डीडीएम प्रमोद, डॉ. आनंद सिंह मौजूद रहे।