देवरिया। जनता दर्शन में आई शिकायत की डीएम ने सोमवार को खुद मौके पर जाकर पड़ताल की। इसमें सिंचाई की नाली चोक मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सफाई कराने के निर्देश दिए। डीएम अपने साथ लोक निर्माण, सिंचाई व बाढ़ खंड के अधिकारियों को भी साथ ले गए थे।
सदर तहसील के कुसुमौनी निवासी फरियादी आकाश शर्मा समेत कई ग्रामीणों ने बरसात के पानी की निकासी न होने, साइफन चोक होने से जलभराव के कारण फसलों के नुकसान और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका जताते हुए डीएम से जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग एवं बाढ़ खंड के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर समस्या की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सभी संभावित विकल्पों का सर्वे कराते हुए जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान बाढ़ खंड, देवरिया की अधिशासी अभियंता को तत्काल नाला की सफाई कराने और जलभराव का पानी छोटी गंडक नदी तक पहुंचाने की व्यवस्था स्थाई समाधान के लिए सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) को सड़क निर्माण के दौरान अवरुद्ध अथवा चोक नालों एवं साइफनों की तत्काल सफाई कर जल निकासी सुचारु कराने के निर्देश दिए।