देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में विद्यालयों एवं वीएचएनडी सत्रों के निरीक्षण के लिए भेजे गए अधिकारियों से चेक लिस्ट के आधार पर किए गए निरीक्षण का फीडबैक प्राप्त किया। विद्यालयों के निरीक्षण की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया। डीएम ने अधिकारियों को अगले दिन विद्यालयों एवं वीएचएनडी सत्रों का चेकलिस्ट के अनुसार निरीक्षण कर वास्तविक फीडबैक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह विद्यालय व स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। चेकलिस्ट में दिए गए सभी बिंदुओं का भौतिक सत्यापन करते हुए वास्तविक निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि पाई गई कमियों का समयबद्ध निराकरण कर विद्यालयों को और अधिक व्यवस्थित बनाया जा सके। साथ ही वीएचएनडी सत्रों के दौरान मिलने वाली कमियों को भी दूर करते हुए कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्त आदि उपस्थित रहे।