जिला पंचायत की भूमि से खाली होगा कब्जा
डीएम ने अपर मुख्य अधिकारी को दिए निर्देश, आवंटन निरस्त होने के बावजूद काबिज हैं आवंटी
पांच आवंटियों से मकान खाली कराने के निर्देश
डीएम के निर्देश के बाद मची खलबली
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। डीएम ने मालवीय रोड यूनियन बैंक के पीछे जिला पंचायत के पुराने डाकबंगला परिसर में पांच आवंटियों का कब्जा खाली कराने के लिए अपर मुख्य अधिकारी को निर्देश दिए हैं जो आवंटन निरस्त होने के बावजूद भूखंड खाली नहीं कर रहे।
डीएम और जिला पंचायत के प्रशासक अमित किशोर की ओर से अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को जारी पत्र में कहा गया है कि नजूल में किए गए फ्री होल्ड के अतिरिक्त गाटा संख्या 302 में अवशेष भूमि पर जिला पंचायत की ओर से आवास निर्मित कर पांच आवंटियों को लाइसेंस शुल्क पर दिया था। जिनका आवंटन निरस्त किया जा चुका है। इसके बावजूद यह लोग अवैध रूप से आवास में रह रहे हैं। इन्होंने सिविल कोर्ट में उक्त जमीन को फ्री होल्ड करने की याचिका दायर की है। जो मापदंडों की परिधि में नहीं आते। जिला पंचायत की आख्या अनुसार यह गाटा संख्या राजस्व अभिलेख में डाक बंगला के नाम से दर्ज है। डीएम ने 204.97 वर्गमीटर भूखंड को फ्री होल्ड किए जाने संबंधी प्रार्थना पत्र को निरस्त करते हुए अपर मुख्य अधिकारी को विवादित भूमि पर तत्काल कब्जा प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं।