भटनी। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को क्षेत्र के रुपई स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पठन-पाठन व्यवस्था, उपस्थिति पंजिका, अभिलेखों, छात्राओं की उपस्थिति तथा विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। छात्राओं से संवाद कर पाठ्यपुस्तक पढ़वाई और विषय से जुड़े प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता भी परखी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डिजिटल उपस्थिति की समीक्षा करते हुए विद्यालय में छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही छात्राओं के शत प्रतिशत उपस्थिति कराने पर जोर दिया। डीएम ने विद्यालय के रसोईघर, कक्षाओं और अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान वार्डन ने भवन में सीलन और बरसात के समय जलभराव की समस्या से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए भवन की मरम्मत एवं समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।