जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया।
- फोटो : अनूप तिवारी
देवरिया। डीएम अनिता श्रीवास्तव ने सोमवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। महिला अस्पताल के सामने रैन बसेरा में हुए अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिया। निर्माणाधीन मेटरनिटी विंग का भी हाल जाना और कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। डीएम के निरीक्षण से अस्पताल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। डीएम अनिता श्रीवास्तव, एडीएम वित्त एवं राजस्व बीएल मौर्य, एसडीएम सदर सचिन कुमार सिंह सोमवार को पूर्वांह्न 11 बजे जिला अस्पताल पहुंचे।
सर्वप्रथम पोषण पुनर्वास केंद्र पहुंचकर यहां भर्ती मरीजों से जानकारी ली। सीएमएस को निर्देश दिया कि बच्चों को मीनू के हिसाब से भोजन दिया जाए। इसके बाद सभी अधिकारी जिला महिला चिकित्सालय पहुंचे। कुछ लोगों ने शिकायत की थी कि रैन बसेरा का अतिक्रमण कर लिया गया है। डीएम ने महिला सीएमएस से जानकारी चाही तो वह कुछ बता नहीं सकीं।
डीएम ने कहा कि अतिक्रमण है तो बताया क्यों नहीं रहीं? साथ ही निर्देश दिया कि अतिक्रमण को हटवा दिया जाए। खिचड़ी के त्योहार के बाद वह पुन: यहां का हाल जानने के लिए आऊंगी। यहां 20 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मैटरनिटी विंग का जायजा लिया। कहा कि कार्य में तेजी लाई जाए। डीएम ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
वार्डों में साफ-सफाई के साथ बेड के प्रति दिन बदलने की बात भी कही। इस दौरान सीएमओ डॉ. एसएन सिंह, सीएमएस डॉ. एएम वर्मा, सीएमएस महिला अस्पताल डॉ. माला सिन्हा, डॉ. आरके श्रीवास्तव समेत तमाम लोग मौजूद रहे।