संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रूट डायवर्जन के चलते छपरा-सिवान और वाराणसी मंडल की ओर से होकर आने वाली ट्रेनों को देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर ही रोक दिया जा रहा है।
इससे रोडवेज बसों में यात्रियों की भीड़ बढ़ है। सदर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कई ट्रेनों के निरस्त और डायवर्ट होने से यात्री बसों के भरोसे अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। भीड़ बढ़ने से यात्रियों के सापेक्ष बसों का इंतजाम नहीं होने से उन्हें खड़े होकर यात्रा पूरी करनी पड़ रही है। सबसे अधिक दिक्कत गोरखपुर, लखनऊ जाने वाले यात्रियों को हो रही है। क्योंकि इस रूट पर कृषक एक्सप्रेस समेत रात की ही ट्रेनें चल रही है। इस ट्रेन में जगह न मिलने के कारण यात्री बस स्टेशन पहुंच रहे हैं, मगर लखनऊ के लिए पर्याप्त बसें नहीं मिलने से यात्रियों को बसों के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।
अधिकतर यात्री किसी तरह गोरखपुर जाकर वहां से लखनऊ के लिए बसें पकड़ रहे हैं। देवरिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन भारी संख्या में यात्री इलाज व और अन्य कार्याें से प्रतिदिन लखनऊ जाते हैं।
लखनऊ के लिए देवरिया डिपो से डायरेक्ट बसें कम हैं। इसके चलते इन यात्रियाें को बाहर से आने वाली बसें ही सहारा बन रहीं है। यात्रियों का कहना है कि घंटों इंतजार के बाद लखनऊ और कानपुर के लिए बस मिलती है।