देवरिया। स्पोर्ट्स स्टेडियम की खिलाड़ी नेहा पटेल का चयन पंजाब के भटिंडा में होने वाले होने वाली ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी कुश्ती प्रतियोगिता के लिए पूर्वांचल विश्वविद्यालय की महिला टीम में हुआ है। वह 50 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी दावेदारी पेश करेंगी। प्रतियोगिता 13 दिसंबर से प्रस्तावित है।
रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में पिछले तीन साल से प्रशिक्षण ले रही नेहा पटेल कुश्ती में अपनी पहचान बना रही है। हाल ही में मथुरा में संपन्न हुए सीनियर स्टेट कुश्ती चैंपियनशिप में इन्होंने 50 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया था।
वह वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। चयन ट्रायल के बाद इनका चयन आल इंडिया यूनिवर्सिटी कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यहां वह जौनपुर विश्वविद्यालय की ओर से प्रतिभाग करेंगी।
नेहा पटेल ने बताया कि सीनियर स्टेट कुश्ती चैंपियनशिप में पदक जीतने के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ा है।
उनके प्रशिक्षक एवं स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेलो इंडिया के तहत संचालित कुश्ती शिविर के कोच रामजन्म यादव ने बताया कि गुरु काशी यूनिवर्सिटी, भठिंडा में इस बार आल इंडिया यूनिवर्सिटी कुश्ती प्रतियोगिता होगी।