सोहनाग मोड़ पर आंदोलनकारियों को सड़क जाम करने से रोकती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
सलेमपुर। जिला बनाने की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोगों ने बाजार बंद कराया। सोहनाग मोड़ पर प्रदर्शनकारियों ने धरना दिया। सलेमपुर जिला घोषित नहीं होने की वजह सपा सरकार और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता बताई।
नायब तहसीलदार को डीएम के नाम संबोधित मांगपत्र दिया। सलेमपुर को जिला बनाने की मांग को लेकर जिला बनाओ मंच का आंदोलन मंगलवार को उग्र हो गया। गांधी चौक से प्रदर्शन करते हुए लोगों ने दुकानें बंद कराया। हाथ में डंडा लिए सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
जेपी मद्घेशिया ने कहा कि 751 दिन से आंदोलन जारी है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और प्रदेश सरकार की गलत मंसूबे के कारण सलेमपुर को जिला घोषित नहीं किया जा रहा है। सलेमपुर जब तक जिला नहीं बनेगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
महिला एकता शक्ति की राष्ट्रीय अध्यक्ष मन्नु तिवारी ने कहा कि सत्ता पक्ष के नेताओं के इशारे पर पुलिस लाठियों के दम पर आंदोलन को खत्म कराना चाहती है। ऐसा होने नहीं दिया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से एक ट्रक पीएसी के अलावा कई थाने की पुलिस गांधी चौक से सोहनाग मोड़ तक तैनात रही। इस दौरान चंद्रभूषण सिंह, प्रकाश नायक, अभिमन्यु पांडेय, डॉ. दिलीप मिश्र, मोनू तिवारी, प्रहलाद रौनियार, राणा प्रताप गौड़, गोविंद तिवारी, अरुण उपाध्याय मौजूद रहे।