खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए किचेन से नमूने
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में किचेन के ठेकेदार को नोटिस
अमर उजाला में छपी खबर ‘मरीजों को नहीं मिलती दोनों जून रोटी’ का डीएम ने लिया संज्ञान
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में मरीजों को मिलने वाले भोजन को लेकर बृहस्पतिवार को प्रकाशित खबर पर जिलाधिकारी गंभीर हो गए। उनके निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जिला महिला अस्पताल के किचेन का निरीक्षण किया। टीम ने दूध व खाद्य पदार्थ सहित पांच नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था में कमी मिलने पर ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है।
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला महिला व पुरुष अस्पताल में मरीजों के भोजन की व्यवस्था को लेकर अमर उजाला में 12 मई के अंक में पेज नंबर दो पर मरीजों को नहीं मिलती दोनों जून रोटी व तीमारदारों ने कहा-केवल पेट भरा जा रहा है, शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई। इसे जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने संज्ञान लिया। डीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल पहुंची। इसके बाद टीम के सदस्यों ने डॉ. आरके श्रीवास्तव व ठेकेदार विजय कुमार सिंह की मौजूदगी में जिला महिला अस्पताल में संचालित किचेन का निरीक्षण किया। यहां बनाए जा रहे भोजन, दूूध की गुणवत्ता की जांच करने के लिए पूरे किचन व स्टोर का निरीक्षण किया और दूध का नमूना लिया गया। साथ ही मरीजों के लिए तैयार भोजन में चावल, दाल, सब्जी तथा स्टोर में रखी अरहर की दाल का नमूना एकत्र किया गया। किचेन परिसर में सुविधाओं तथा सफाई में कमियों के लिए संबंधित अनुज्ञप्ति धारक ठेकेदार विजय कुमार सिंह को सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवेंद्र गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप श्रीवास्तव, मनीष मल्ल एवं प्रभारी चिकित्सक डॉ. आरके श्रीवास्तव शामिल रहे। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-टू रमेश चंद्र पांडेय ने बताया कि जिला अस्पताल में मरीजों को मिलने वाले दूध में मिलावट व भोजन की गुणवत्ता की जांच के लिए टीम ने जिला महिला अस्पताल में संचालित किचेन व स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान दूध, तैयार चावल, दाल, सब्जी, स्टोर में रहे अरहर दाल के नमूने लिए गए हैं। जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।