प्रेरणा एप पर अपडेट करने में जिला टास्क फोर्स पीछे
देवरिया। परिषदीय स्कूलों में एमडीएम का संचालन सही ढंग से हो रहा है, सभी अध्यापक स्कूलों में पहुंच रहे हैं कि नहीं, इसका अपडेट प्रेरणा निरीक्षण एप पर किया जाना था। इसके लिए जनपद स्तरीय टास्क फोर्स का गठन कर सभी अधिकारियों को प्रतिमाह कम से कम पांच स्कूलों का निरीक्षण कर इसे एप पर डाउनलोड करना था। हालांकि सितंबर से किसी भी अधिकारी ने इस कार्य को पूरा नहीं किया है।
राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से शिक्षकों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन वितरण की सही स्थिति सहित अन्य जानकारी प्रेरणा एप पर ही निर्धारित निर्देशों का पालन करते हुए ऑनलाइन देना है। इसकी मॉनिटरिंग के लिए जनपद स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसमें सीडीओ, डीआईओएस, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, सीएमओ, समस्त उपमुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए को भी सदस्य बनाया गया है। हालांकि परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण कार्यों में यह अधिकारी लगातार लापरवाही बरत रहे हैं।
बीएसए संतोष कुमार राय ने बताया कि वर्तमान में विद्यालयों में अध्यापन कार्य बंद है परंतु विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति हो रही है। संशोधित निरीक्षण प्रपत्र में कायाकल्प व एमडीएम योजना संबंधी सूचना अंकित की जानी है। एमडीएम योजना के अंतर्गत भोजन ग्रहण करने वाले छात्रों की संख्या में शून्य व पिछले दिनों लाभार्थी छात्रों की संख्या, धनराशि व खाद्यान्न वितरित होने वाले छात्रों की संख्या अंकित की जानी है। एमडीएम डीसी डीपी सिंह ने सोमवार को बताया कि समस्त जनपद स्तरीय टास्क फोर्स के सदस्य व ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स के अध्यक्ष से अनुरोध किया गया है कि निरीक्षण प्रारूप पर प्रतिमाह न्यूनतम पांच विद्यालयों का निरीक्षण करते हुए इसे प्रेरणा एप पर अंकित करते हुए डाउनलोड करें।