- पति और ससुराल वाले कन्या भ्रूण का गर्भपात कराना चाहते हैं
- महिला ने पुलिस में की थी शिकायत, दो कन्या भ्रूण को पहले गिरवा चुके हैं आरोपी
- कन्या भ्रूण की रक्षा के लिए सोशल मीडिया पर चल रहा है मुहिम
रुद्रप़र। पुलिस ने पति और उसके घरवालों को गर्भवती और उसके गर्भ में पल रहे भ्रूण की सुरक्षा के निर्देश दिए हैं। महिला ने दो दिन पहले पुलिस से शिकायत की थी कि भ्रूण परीक्षण के बाद गर्भ में कन्या होने की जानकारी पर पति और ससुराल वाले गर्भपात कराने का दबाव बना रहे हैं। ये लोग पहले भी दो बार भ्रूण परीक्षण कराकर उसका गर्भपात करवा चुके हैं। सोशल मीडिया पर मामला आने के बाद लोग कन्या भ्रूण की रक्षा के लिए मुहिम चला रहे हैं।
17 अगस्त के अंक में अमर उजाला में 'गर्भ में है बेटी, ससुराल वाले फिर मरवा देगें, बचा लीजिए' शीर्षक से छपी खबर को पढ़कर लोगों ने फेसबुक पर प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी। मामला माहीगंज गांव का है। जहां गर्भपात कराने का दबाव बना रहे पति और ससुराल वालों से बचबचाकर एक महिला थाने पहुंची थी। मां ने पुलिस को बताया था कि गर्भ में पल रही कन्या का गर्भपात कराने को ससुराल वाले दबाव बना रहे हैं। उसने कहा कि उसकी दो जुड़वां बेटियां है। बेटियों को जन्म देने के बाद से ही ससुराल वाले ताना देने लगे थे। बेटे की चाहत में वह लोग इससे पहले दो बार भ्रूण परीक्षण कराकर गर्भ गिरवा चुके हैं। तीसरी बार वह फिर गर्भवती है। उन लोगों ने उसका जबरन भ्रूण परीक्षण कराया तो गर्भ में कन्या पलने की जानकारी हुई। पति और ससुराल वाले उस पर गर्भपात करवाने का दबाव बना रहे हैं। जबकि वह बेटी को जन्म देना चाह रही है। ऐसा नहीं करने पर उसकी पिटाई की गई। महिला ने गर्भ मे पल रही कन्या की रक्षा का गुहार लगाई है।
महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने उसके पति और ससुराल वालों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। कोतवाल अरुण कुमार मौर्य ने कहा कि आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उनको महिला और उसके गर्भ में पल रहे शिशु की सुरक्षा का कड़ा निर्देश दिया गया है।
उधर सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर लोग बेटे और बेेटी में फर्क समझने वालों की घृणित मानसिकता को कोस रहे हैं। उन्होंने भ्रूण परीक्षण कर बच्चे का लिंग बताने वाले अस्पताल और ससुराल वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परशुराम गुप्ता, जयशिव चंद, विनय सिंह, राज दूबे, गोरेलाल यादव, मनोज चौरसिया, असगर अली, प्रदीप पांडेय, बलराम यादव आदि ने मामला उजागर करने पर अमर उजाला की प्रशंसा की। उन्होंने मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की। इस बाबत सोशल मीडिया फेसबुक पर गर्भस्थ कन्या भ्रूण की रक्षा के लिए लोग मुहिम भी चला रहे हैं। बेटे की चाह में दो बेटियों का गर्भपात कराने के आरोपी पिता को लोग कोस रहे हैं।