रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट व बुकिंग में लाएं सुधार : राकेश
सलेमपुर। नगर के गांधी चौक स्थित एक फंकशन हाल में शनिवार को डाक विभाग की उपमंडलीय समीक्षा में अच्छे काम करने वालों को प्रशस्ति पत्र वितरित किया गया। लापरवाही बरतने वाले लोगों को सुधार लाने की चेतावनी दी गई।
सलेमपुर के डाक निरीक्षक राकेश कुमार मिश्र ने कहा कि अक्सर देखा जा रहा है कि डाकघर शाखा से रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट आदि बुकिंग नहीं की जा रही है। उन्होंने ऐसे डाकघर शाखा में काम करने वाले लोगों को अपने में बदलाव लाने को कहा। जिस दिन डाक मिले, उसी दिन वितरित कर दिया जाए। डाक निरीक्षक ने प्रतिदिन अंगूठा लगाकर लॉग इन करने को कहा। समीक्षा के दौरान पाया कि भुलईपुर व चोरडीहां डाकघर में पहली अप्रैल से एक भी निकासी नहीं की गई है। इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा। उन्होंने कहा कि 93 में 72 उप डाकघर में पीएमए से कार्य हुआ। बरठी, पनिका बाजार, रोपन छपरा, बैदौली, विशुनपुर देवार, मेहरौना घाट आदि डाकघर में दस से भी कम जमा निकासी हुई है। सबसे ज्यादा जमा-निकासी खेमादेई डाकघर में हुई है। इसके अलावा नैनी व खरवनिया में हुई है। बैठक को डाकघर देवरिया के अधीक्षक रवि कुमार, आईबीपी के मैनेजर सोमेश परासर आदि ने संबोधित किया। इस दौरान अनूप श्रीवास्तव, राम भरोषा सिंह समेत सभी डाकघर के पोस्टमास्टर मौजूद रहे।