मंसाछापर। जिले की चयनित चार ग्राम पंचायतों में डिजिटल एक्सेस कमेटी बनेगी। इनमें फाजिलनगर ब्लॉक की भठहां खुर्द, कसया ब्लॉक की बटेसरा, सुकरौली ब्लॉक की भिसवा मठिया और विशुनपुरा ब्लॉक की डुमरी ग्राम पंचायतें शामिल हैं। निदेशक पंचायत राज ने पत्र जारी कर डीपीआरओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
डिजिटल कनेक्टिविटी, आईसीटी उपकरणों के उपयोग और डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह कमेटी गठित की जा रही है। कमेटी गांव में डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, ई-गवर्नेंस को मजबूत करने तथा आमजन को डिजिटल माध्यमों के उपयोग के प्रति जागरूक करने का कार्य करेगी।
कमेटी में ग्राम प्रधान को अध्यक्ष बनाया जाएगा, जबकि पंचायत सचिव सदस्य-सचिव होंगे। इसके अलावा विद्यालय के शिक्षक, आंगनबाड़ी/आशा/कृषि या अन्य विभागीय प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह/स्थानीय उद्यमी तथा ‘भारतनेट उद्यमी को भी सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा। डिजिटल एक्सेस कमेटी के गठन के बाद ग्रामीणों को ऑनलाइन सेवाओं, डिजिटल भुगतान, सरकारी योजनाओं की जानकारी और आईसीटी सुविधाओं का अधिक लाभ मिलेगा।