बेसिक शिक्षा अधिकारी का कार्यभार ग्रहण करने के बाद बीएसए कार्यालय में बैठे डायट प्राचार्य अनि
देवरिया। जिला शिक्षा व प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य अनिल कुमार सिंह को शासन ने बेसिक शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है। अनिल कुमार सिंह ने शुक्रवार को कार्यालय पहुंचकर बीएसए का प्रभार ग्रहण कर लिया। इसके साथ ही चार दिनों से बीएसए को लेकर ऊहापोह समाप्त हो गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव को शासन ने निलंबित कर बेसिक शिक्षा निदेशक कार्यालय से संबद्ध कर दिया है।
कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय मदरसन के शिक्षक कृष्णमोहन सिंह ने अपने सुसाइड नोट और वीडियो में तत्कालीन बीएसए शालिनी श्रीवास्तव पर गंभीर आरोप लगाए थे। शिक्षक की मौत के बाद गोरखपुर की गुलरिहा थाने की पुलिस ने शिक्षक की पत्नी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। इधर, जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने सीडीओ राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय समिति गठित कर दिया। उधर, शासन ने संयुक्त शिक्षा निदेशक स्कूल शिक्षा के नेतृत्व में चार सदस्यीय समिति का गठन कर दिया। दोनों समितियों ने सोमवार को बीएसए कार्यालय पहुंचकर गहन जांच पड़ताल की। इसके बाद अपनी रिपोर्ट शासन को भेज दिया। इस पर शासन ने निर्णय लेते हुए शुक्रवार को बीएसए शालिनी श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया। वहीं जिला शिक्षा व प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य अनिल कुमार सिंह को बेसिक शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया। अनिल कुमार सिंह ने दोपहर बाद बीएसए कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया।
नवागत बीएसए ने गिनाईं अपनी प्राथमिकताएं
बीएसए का कार्यभार ग्रहण करने के बाद डायट प्राचार्य अनिल कुमार सिंह ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। संवाद न्यूज एजेंसी से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित सभी कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर लागू करना है। जनपद की रैंकिंग प्रदेश स्तर पर और बेहतर करने के लिए कार्य करेंगे। शीर्ष अधिकारियों के दिशा निर्देशों का अनुपालन करेंगे।