देवरिया। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को बाबा राघव दास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें देशभर के 1600 काॅलेजों के साथ बीआरडीपीजी काॅलेज के 100 छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। इसमें प्रधानमंत्री से संवाद के लिए चयनित तीन छात्र-छात्राएं भी थे। पीएम से बात करने को लेकर इनकी उत्सुकता चरम पर रही पर उन्हें बात करने का अवसर नहीं मिला। इसके बावजूद छात्र-छात्राएं निराश नहीं हुए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने क्यूआर कोड भेजा है। इसके माध्यम से अपने सुझाव हम पीएम तक भेजेंगे।
माय भारत योजना के तहत आयोजित खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम के लिए काॅलेज के तीन मेधावी विद्यार्थियों ने खेल, शिक्षा और युवा सशक्तीकरण से जुड़े नवाचार पर आधारित अपने विस्तृत सुझाव तैयार किए थे। कार्यक्रम में समय की पाबंदी के चलते महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को बोलने का अवसर नहीं मिल सका।
छात्र-छात्राएं अब माय भारत पोर्टल और जारी किए गए विशेष क्यूआर कोड को स्कैन करके अपने तैयार दस्तावेज और सुझाव सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजेंगे। कार्यक्रम के बाद सभी ने नशामुक्ति का संकल्प लिया। प्राचार्य डॉ. प्रताप नारायण सिंह ने कहा कि खेलकूद के माध्यम से विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। उन्होंने मोबाइल के दुष्प्रभाव से आगाह किया। इस दौरान जिला युवा अधिकारी चंद्रभूषण चौबे, प्रो. रजनीश कुमार, प्रो. प्रदीप द्विवेदी, प्रो. संध्या उपाध्याय, डॉ. अभिनव सिंह, डॉ. संजय कुमार, डॉ. दिलीप शर्मा आदि मौजूद रहे।
...
प्रश्नोत्तरी के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
महाविद्यालय में खेल गतिविधियों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रथम स्थान अब्दुल लैश बैठा, द्वितीय स्थान सुधीर कुमार, और तृतीय स्थान अतुल बरनवाल ने प्राप्त किया। साथ ही तनुश्री भास्कर और मुस्कान पटेल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
-