घर से नेकी कर निकला, रात में आई मौत की खबर
रुद्रपुर। गौरीबाजार रुद्रपुर मार्ग पर इंदुपुर के समीप हुए बस और बोलेरो की टक्कर में नगर के एक होनहार युवक की मौत हो गई। इंश्योरेंस कंपनी के एजेंट की मौत की खबर से नगर में मातम पसर गया। युवक सोमवार की देर रात गोरखपुर में कंपनी की मीटिंग समाप्त करने के बाद बस से घर लौट रहा था कि दर्दनाक हादसे में उसकी मौत हो गई। युवक घटना की सुबह एक नेकी का काम कर घर से निकला और रात में उसकी मौत की खबर आ गई। लोग उसकी नेकी को याद कर रोने लगे।
नगर के खजुहा चौराहा निवासी फार्मासिस्ट बुद्धू मौर्या के तीन बेटों में छोटा बेटा रामानंद मौर्या (33) गाड़ियों के इंश्योरेंस के एजेंट थे। सोमवार की सुबह उनके घर के बगल में एक मंदबुद्धि युवक कान और सिर के दर्द से तड़प रहा था। रामानंद मीटिंग में जाने से पहले उसका निजी अस्पताल में इलाज कराने लगे। उन्होंने चिकित्सक से मीटिंग में जाने का हवाला देते हुए जल्दी उपचार करने के लिए कहा। युवक उसका इलाज कराकर गोरखपुर चले गए। रात में मीटिंग समाप्त होने के बाद वह बस से घर लौट रहे थे कि हादसे में उसकी मौत हो गई।
उनके निधन की खबर सुनते ही रात में लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। मिलनसार किस्म के युवक की मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। पत्नी विद्योतमा मायके गई थी, पति के नहीं रहने की सूचना पर वह ससुराल पहुंचीं। मंगलवार की सुबह दरवाजे पर शव के लाते ही लोगों की भीड़ लग गई। मां जोन्हा देवी जवान बेटे के शव से लिपट कर रो रही थीं। मृतक का बेटा जैश तीन साल और परी बेटी को देखकर लोगों की आंखें भर आईं। युवक के व्यवहार को याद कर लोग भावुक हो गए। उसके दोनों भाई कंधे पर शव लेकर निकले तो फफक रोने लगे। गौरीबाजार रुद्रपुर मार्ग पर हुए हादसे में मरे लोगों के प्रति विधायक जयप्रकाश निषाद ने शोक संवेदना व्यक्त किया।