बघौचघाट। महंथ त्रिवेणी पर्वत इंटर कॉलेज बिशनपुरा बाजार के प्रांगण में आयोजित एमटीपीआइसी क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में डीसीसी क्रिकेट क्लब धोबवल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टार क्रिकेट क्लब बरियारपुर को छह विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
मैच में धोबवल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बरियारपुर की टीम निर्धारित 12 ओवर में मात्र 105 रन ही बना सकी। टीम की ओर से विशाल ने 31 रन और रवि ने 19 रनों की पारी खेली। धोबवल की सधी हुई गेंदबाजी के सामने बरियारपुर के बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सके। धोबवल की ओर से विशाल ने 3 विकेट जबकि झुन्नू ने 2 विकेट लेकर विपक्षी टीम को कम स्कोर पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीसी क्रिकेट क्लब धोबवल की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए केवल 8 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 106 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। धोबवल की जीत में आनंद ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 50 रन बनाए। वहीं सरफराज ने 41 रनों की तेज तर्रार पारी खेलकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए आनंद को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के मुख्य अतिथि प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य वार्ड संख्या 3 आदित्य यादव ने फीता काटकर मैच का उद्घाटन किया। टूर्नामेंट आयोजक अखिलेश मिश्र, विनय सिंह, राकेश यादव, अफजल अंसारी, विपिन ठाकुर, अजय यादव एवं इरशाद अंसारी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।