सलेमपुर। तहसील क्षेत्र में रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। शिव मंदिरों में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
मझौली राज के बाबा दीर्घेश्वर नाथ मंदिर पर देर शाम तक श्रद्धालुओं की भींड़ उमड़ी रही। मझौली राज स्थित बाबा दीर्घेश्वर नाथ मंदिर पर भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ इतनी अधिक रही कि करीब तीन किलोमीटर लंबी कतार लग गई। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंजता रहा।
मंदिर के महंत जगन्नाथ दास महाराज ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसडीएम दिशा श्रीवास्तव, सीओ मनोज कुमार, नायब तहसीलदार गोपालजी, कोतवाल महेंद्र कुमार चतुर्वेदी के नेतृत्व में राजस्व व पुलिस विभाग के कर्मचारी मुस्तैद रहे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। बरहज संवाद के अनुसार, नीलकंठ महादेव और बाबा महेंद्रानाथ मंदिर में श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हुए विशेष पूजा-अर्चन किया। भोर से ही हर-हर महादेव के जयघोष से समूचा क्षेत्र गुंजायमान रहा। संवाद