संवाद न्यूज एजेंसी
मदनपुर। आदर्श नगर पंचायत मदनपुर में 11 करोड़ की लागत से विकास कार्य होंगे। चेयरमैन शाहिना शेख की अध्यक्षता में सम्पन्न बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगी। जिसमें नगर के विकास को नई दिशा देने वाले 11 करोड़ रुपये के प्रस्तावों पर मुहर लगी। इसमें नगर सृजन मद से 7 करोड़ रुपये तथा आदर्श नगर योजना से 4 करोड़ रुपये शासन से आया है।
बैठक में सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रस्तावित धनराशि से मुख्य मार्गों का चौड़ीकरण, सीसी सड़क, नाली निर्माण और नालियों का सुधार, पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करना, स्ट्रीट लाइट लगाना, ठोस कचरा प्रबंधन और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार कराया जाएगा।
चेयरमैन शाहिना शेख ने कहा कि मदनपुर को आदर्श स्वरूप में ढालने के लिए यह बजट ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी कार्यों में पारदर्शिता बरती जाएगी और प्राथमिकता उन योजनाओं को दी जाएगी, जिनसे आम नागरिक सीधे लाभान्वित होंगे। बोर्ड सदस्यों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि 11 करोड़ की राशि से नगर के कायाकल्प का मार्ग प्रशस्त होगा और मदनपुर प्रदेश की आदर्श नगर पंचायत के रूप में नई पहचान हासिल करेगा।
इस अवसर पर ईओ नितेश गौरव, सभासद नीरज,सुग्रीव, सोनी, चुन्नी राव, पिंटू कुमार, शैलेश यादव, संगीता देवी, संतराज यादव, दानिश शेख, दिग्विजय नाथ, रुबिया खातून, गौसिया बेगम, शोहरत शेख और जयप्रकाश राजभर मौजूद रहे।