संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। विकास खंड मुख्यालय पर छह माह में तीन खंड विकास अधिकारियों का स्थानांतरण हो गया। इसके कारण विकास कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इससे पंचायत प्रतिनिधियों व क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, तरकुलवा विकास खंड मुख्यालय पर 26 जुलाई 2023 को अरुण कुमार पांडेय ने बीडीओ का कार्यभार ग्रहण किया। वह करीब दो साल तक यहां तैनात रहे। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि इस दौरान गांवों में तेजी से विकास कार्य संचालित हुए। ब्लॉक मुख्यालय पर दूर-दराज से आए फरियादियों को भी काफी सहूलियत मिलती थी। 23 जनवरी 2025 को उनका तबादला हो गया।
इसके बाद 29 जनवरी को गुरुशरण दास ने यहां का चार्ज लिया। वह विकास खंड की भौगोलिक परिस्थिति को समझ रहे थे, तब तक 27 जून को उनका स्थानांतरण हो गया। इसके बाद 28 जून को ताराकेश्वर तिवारी की तैनाती हुई। अभी ब्लॉक में तैनात कर्मचारियों से ठीक से परिचय भी नहीं हो पाया था कि 16 दिनों में ही 14 जुलाई को उनका भी तबादला हो गया।
इसके बाद 15 जुलाई को परशुराम शर्मा ने खंड विकास अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि बार-बार बीडीओ का स्थानांतरण होने से ब्लॉक के मनरेगा सहित कई आवश्यक कार्य प्रभावित होते हैं।
सबसे अधिक परेशानी दूर-दराज से आए फरियादियों को होती है। क्षेत्र के कुछ ग्राम प्रधानों व पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि इस विकास खंड क्षेत्र में कुछ ऐसे प्रधान और जनप्रतिनिधि हैं, जिनकी पहुंच सत्ता के गलियारों तक है।