संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बीते दो दिनों में प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों पर हमले की दो घटनाएं सामने आई हैं।
एक ओर जहां बघौचघाट थाना क्षेत्र में राजस्व व पुलिस टीम पर हमला कर खदेड़ा गया था, वहीं गौरी बाजार में जमीन विवाद निस्तारण के दौरान लेखपाल से अभद्रता करते हुए खुलेआम राइफल लाकर ठीक करने की धमकी दी गई।
दोनों मामलों में संबंधित थानों में गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है, मगर दोहरी घटनाओं से राजस्व विभाग के अधिकारी खासे आक्रोशित और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बघौचघाट थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में बुधवार की शाम उस समय अफरातफरी मच गई थी, जब खेत की जमीन पर कब्जा हटवाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया गया था। गांव निवासी दारोगा सिंह ने प्रशासन से अपने खेत से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की थी, जिस पर राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम गांव में पहुंची थी।
टीम में एसीओ रामवृक्ष यादव, चकबंदी कानूनगो कमलेश यादव, लेखपाल सुधांशु राय सहित कई अधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम की निगरानी में खेत की जुताई ट्रैक्टर से कराई जा रही थी, तभी विपक्षी पक्ष के करीब 11 लोगों ने एकजुट होकर टीम पर हमला कर दिया था।
हमलावरों में जितेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, प्रद्युम्न सिंह, अभिजीत सिंह समेत कई महिलाएं शामिल थीं। लाठी, डंडों और पत्थरों से किए गए हमले में कई अधिकारी और खेत मालिक कल्याण सिंह घायल हो गए थे। ट्रैक्टर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। जान बचाकर टीम को मौके से भागना पड़ा था।
घटना के बाद उप निरीक्षक अंगद कुमार और कल्याण सिंह की तहरीर पर बघौचघाट थाने में 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
उधर, बृहस्पतिवार को गौरीबाजार के ग्राम बर्दगोनिया में तहसील रुद्रपुर में तैनात लेखपाल पीतांबर सिंह और क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक सुग्रीव मिश्रा के साथ अभद्रता का मामला प्रकाश में आया थ। दोनों अधिकारी गांव में एक जमीन विवाद के निस्तारण के लिए गए थे, जहां जयसिंह नामक व्यक्ति पर सरकारी कर्मचारियों से बदतमीजी करने का आरोप लगा था।
लेखपाल की तहरीर के मुताबिक, जयसिंह ने अपने भाई गुड्डू उर्फ प्रभाकर सिंह को राइफल लाने के लिए कहा। मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के बीच यह बात खुलेआम कही कि गुड्डू को बुलाओ, राइफल लेकर आएं, इन लोगों को घेरकर पिटवाते हैं। स्थिति गंभीर होते देख ग्रामीणों के सहयोग से दोनों अधिकारी किसी तरह जान बचाकर वापस लौटे।
लेखपाल ने आरोपी जयसिंह और उसके भाई गुड्डू के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, धमकी देने और जान पर खतरा उत्पन्न करने की धाराओं में केस दर्ज करा कार्रवाई की मांग की है। गौरीबाजार थाने में शिकायत दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।