जल निकासी समस्या दूर करने के लिए बनेगा नाला
मंदिर और पोखरे के सुंदरीकरण पर खर्च होंगे दो करोड़
संवाद न्यूज एजेंसी।
मदनपुर। नवसृजित नगर पंचायत मदनपुर में विकास कार्याें पर पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे। नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में कार्ययोजना को हरी झंडी मिलने के बाद कस्बा के मुख्य सड़क पर नाला निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके अलावा शिव मंदिर और पोखरे के सुंदरीकरण पर दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
बरसात और राप्ती नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के बाद मदनपुर कस्बा के सटे क्षेत्र में जलभराव की समस्या खड़ी हो जाती है। बुधवार को नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में जलभराव की समस्या को दूर करने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। इसमें रुद्रपुर-कपरवार मार्ग पर मुख्य मदनपुर में यूनियन बैंक की शाखा से लेकर पेट्रोल पंप तक दो तरफ नाला निर्माण का निर्णय लिया गया।
ईओ नितेश गौरव ने बताया कि जल निकासी योजना के तहत ढा़ई करोड़ रुपये से नाला का निर्माण कराया जाएगा। इसमें आबादी के बीच की नालियों को जोड़ा जाएगा। घनी आबादी के बीच घर और बरसात का पानी निकल कर मुख्य नाला तक पहुंचेगा। कदम्ही मोहल्ले में शिव मंदिर और पोखरे के सुंदरीकरण के लिए करीब दो करोड़ रुपये का बजट है।
नगर पंचायत की चेयरमैन शाहिना शेख ने कहा कि जनहित को देखते हुए नाला और सड़क की योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आवागमन और जल निकासी की समस्या दूर होने पर विकास को गति मिलेगी।