देवरिया। तीन दिवसीय मंडलीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज मंगलवार को स्व. रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम देवरिया में धूमधाम से हुआ।
गोरखपुर मंडल के चारों जिलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं में बढ़चढ़ कर प्रतिभाग किया। पहले दिन प्राथमिक खो-खो में देवरिया की टीम विजेता रही।
मुख्य अतिथि देवरिया के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि सलेमपुर के सांसद रामशंकर राजभर और मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पांडेय, अध्यक्षता कर रहे सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और झंडारोहण कर क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद अतिथियों ने मार्चपास्ट की सलामी ली। इस प्रतियोगिता में देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज एवं गोरखपुर की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
मुख्य अतिथि देवरिया के सांसद शशांक मणि ने कहा कि खेल से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। बच्चे खेल के माध्यम से ऊंचाई को प्राप्त कर सकते हैं।
वहीं विशिष्ट अतिथि सांसद सलेमपुर रमाशंकर विद्यार्थी ने कहा कि आप सब अध्यापन कार्य जरूर करते हैं लेकिन बनाते अधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी कुल बिना शिक्षा के आगे नहीं बढ़ सकता है।
सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि आप सभी का परिश्रम आज यहां देखने को मिल रही है। खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों को खेलों की वजह से एक अलग पहचान एवं सम्मान मिलता है।
उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी नहीं है। आप सबको पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे रहने की जरूरत है। कार्यक्रम को सहायक शिक्षा निदेशक गोरखपुर मंडल संगीता सिंह, बीएसए शालिनी श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया।
प्राथमिक खो-खो बालिका वर्ग में देवरिया विजेता : पहले दिन के खेल में खो-खो प्राथमिक बालिका वर्ग में देवरिया विजेता और कुशीनगर उपविजेता रही। दौड़ प्रतियोगिता के प्राथमिक बालक संवर्ग के 50 मीटर एवं 100 मीटर में कुशीनगर के नित्यानंद यादव प्रथम व गोरखपुर के आदर्श द्वितीय, 200 मीटर में देवरिया के समर प्रताप प्रथम व गोरखपुर के सत्यम द्वितीय स्थान पर रहे।
प्राथमिक बालिका संवर्ग में 50 मीटर दौड़ में गोरखपुर की रूबी प्रथम, कुशीनगर की अंकिता मल्ल द्वितीय, 100 मीटर में महाराजगंज की रंजना प्रथम एवं कुशीनगर की सबरून खातून द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं जूनियर संवर्ग बालक के 100 मीटर दौड़ में देवरिया के शिवसागर प्रथम व गोरखपुर के फरमान द्वितीय स्थान स्थान पर रहे। 200 मीटर में देवरिया के किताबुद्दीन प्रथम व गोरखपुर के आदर्श द्वितीय स्थान पर रहे। बालिका जूनियर संवर्ग में 100 मीटर की दौड़ में महराजगंज की अनुराधा गुप्ता प्रथम व कुशीनगर की परी द्वितीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर में देवरिया की आतिया प्रथम व कुशीनगर की हसीना द्वितीय स्थान पर रहीं। जूनियर खो-खो बालिका के कड़े मुकाबले में गोरखपुर ने महाराजगंज को पटखनी देकर विजेता बनी।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी देवमुनि वर्मा, सूरज कुमार, प्रभात चंद राय, जया राय, राजेश यादव, संजीव सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक संजय कुमार सिंह, शिक्षक श्रवण कुमार माैजूद रहे।