रिफ्तार लुटेरे के साथ एएसपी और पुलिस टीम तथा बरामद तमंचा
- फोटो : SALEMPUR
इनामी बदमाश तमंचे के साथ गिरफ्तार
भटनी थाने पर एडिशनल एसपी ने किया खुलासा
दो वर्ष पहले व्यापारी से लूटकर भाग निकला था आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। बलुआ अफगान मार्ग पर दो साल पहले अपने साथी के साथ एक सराफा कारोबारी से सोने चांदी से भरा बैग लेकर भाग निकले। आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार की अल सुबह नगर के नूरीगंज चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक देशी तमंचा और दो कारतूस बरामद हुआ है। लूट के मामले में दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी पर पुलिस ने एक सप्ताह पहले ही 15 हजार का इनाम घोषित किया था। स्थानीय पुलिस टीम के साथ अपर पुलिस अधीक्षक ने मामले की खुलासा भटनी थाने पर किया।
नगर के वार्ड संख्या 12 निवासी दीपक वर्मा एकला आम चौराहे पर स्वर्ण कला केंद्र के नाम से दुकान चलाते हैं। नवंबर 2017 को दीपक दुकान बंद कर घर आ रहा था कि लल्लन चौराहे पर बाइक सवार दो बदमाशों ने असलहा दिखाकर बैग लूट लिया था। जिसमें करीब डेढ़ लाख के सोने-चांदी के जेवरात थे। मौके पर ही व्यापारी ने साहस दिखाते हुए नगर निवासी सत्येंद्र वर्मा को दौड़ाकर पकड़ लिया था जबकि दूसरा आरोपी भाग निकला। सत्येंद्र ने पूछताछ में बताया कि उसके साथ वीरसिंहपुर निवासी मनीष शुक्ल भी घटना में शामिल था। पुलिस केस दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई। आरोपी करीब दो वर्षों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक देवरिया श्रीपति मिश्र ने फरार चल रहे आरोपी मनीष पर सात दिसंबर को ही 15 हजार का इनाम घोषित किया था। मुखबिर की सूचना पर थानेदार अश्वनी राय तथा उनके हमराहियों ने गश्त के दौरान शुक्रवार की भोर में मनीष को नूरीगंज चौराहे पर देखा। जिसे टीम ने दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक देशी तमंचा और दो कारतूस भी बरामद हुआ। आरोपी ने घटना में शामिल होने की जानकारी भी पुलिस को दी। शुक्रवार की सायं थाने पर पहुंचे एडिशनल एसपी शिष्यपाल सिंह ने मामले का खुलासा किया। इस दौरान टीम में शामिल थानेदार अश्वनी राय, एसआई गुफरान, कांस्टेबल राहुल खरवार, दिनेश तिवारी, अजय यादव आदि मौजूद रहे।