फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नाले में मिला दुकानदार का शव, हत्या की आशंका

विज्ञापन
विज्ञापन
नाले में मिला दुकानदार का शव, हत्या की आशंका
विज्ञापन

फोटो
भटनी के सिंगहीडीह का निवासी था असलम, परसिया में चलाता था वेल्डिंग की दुकान
साथी कारीगर को घर छोड़कर लौटते वक्त हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
भटनी। साथी कारीगर को घर छोड़कर बाइक से लौट रहे दुकानदार का शव चांदपार गांव के पास नाले में मिला। उसकी बाइक भटनी-भरथुआ मार्ग पर नाले के ऊपर पुलिया से बरामद हुई। सिर पर चोट के निशान हैं। खुखुंदू पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस हादसा मान रही है।
भटनी थानाक्षेत्र के सिंगहीडीह गांव निवासी 42 वर्षीय असलम अंसारी खुखुंदू के परसिया भंडारी में वेल्डिंग की दुकान चलाता था। वह परिवार के साथ बहनोई के घर रहता था। रविवार शाम दुकान पर काम समाप्त होने के बाद भटनी के घांटी निवासी एक साथी कारीगर को छोड़ने बाइक से भटनी आया था। बताया जा रहा है कि 115 नंबर रेलवे गेट स्थित एक दुकान पर चार साथियों के साथ उसने शराब पी। रात करीब 8 बजे पत्नी के फोन आने पर घर के लिए निकला। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने फोन किया तो नंबर बंद मिला। पत्नी के बताने पर बहनोई उसे ढूंढते भटनी पहुंचा तो साथियों ने बताया कि उसका मोबाइल कहीं गिर गया था। काफी ढूंढने पर मोबाइल नहीं मिलने पर उसे घर भेज दिया गया। परिवार के लोग सोमवार सुबह भटनी थाने पहुंचे तो बाइक थाने में खड़ी मिली। पुलिस ने बताया कि रविवार देर रात कांवड़ियों से मिली जानकारी के बाद बाइक भटनी-भरथुआ मार्ग से बरामद की गई। भटनी-खुखुंदू सीमा पर स्थित पुलिया से एक पेड़ में उसका हेलमेट लटका था। पेड़ में टक्कर के निशान भी थे। जानकारी पर खुखुंदू पुलिस भी पहुंच गई। पुलिया के नीचे नाले में स्थानीय लोगों की मदद से जाल डाला गया। अपराह्न करीब दो बजे असलम की लाश मिली। बहनोई, बेटे शमशाद, नौशाद और ससुर लाल मुहम्मद ने हत्या की आशंका जताई है। एसओ खुखुंदू श्यामलाल यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया सड़क हादसा लग रहा है। तेज रफ्तार में बाइक बेर के पेड़ टकराई होगी, जिसके बाद दुकानदार नाले में जा गिरा। शरीर पर बेर के कांटों के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट होगी।
विज्ञापन

---
इनसेट में
मौत की खबर मिलते ही परिवार में मचा कोहराम
भटनी। असलम अंसारी की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी मदीना खातून बेटा शमशाद, नौशाद, बेटी सैयदा खातून का रो-रोकर बुरा हाल था। ससुर लाल मुहम्मद बार-बार बेहोश हो जा रहे थे। बुजुर्ग माता-पिता बेटे के बदले उन्हें उठा लेने की दुहाई देकर दहाड़े मार रहे थे। करीब एक साल पहले सिंगहीडीह गांव में दो समुदायों के बीच विवाद हो गया था। विवाद में दोनों पक्षों से दो दर्जन लोग घायल हुए थे। पुलिस ने दोनों पक्षों के एक दर्जन लोगों पर कार्रवाई की थी। विवाद के बाद बच्चों को अच्छी शिक्षा और सुरक्षा को लेकर असलम परिवार सहित परसिया भंडारी स्थित बहनोई के पास रहने लगा। वहीं उसने एक वेल्डिंग की दुकान खोल दी। दुकानदारी ठीक ठाक चलने लगी। काम का बोझ ज्यादा होने से उसने घांटी निवासी एक युवक को सहयोग के लिए रख लिया। सब्रकुछ ठीक चल रहा था कि रविवार अचानक हादसे ने पूरे परिवार पर कहर ढा दिया।
विज्ञापन

---
तीन साथियों से पुलिस करेगी पूछताछ
भटनी। दुकानदार असलम अंसारी रविवार को साथी को छोड़ने भटनी आया था। लोगों की मानें तो उसने तीन दोस्तों के साथ बैठकर एक दुकान में शराब पी। उसके बाद घर के लिए निकला। पुलिस तीन साथियों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले सकती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें