तरकुलवा। सड़क हादसे में एक दिव्यांग की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। लावारिस हालत में उसका शव सड़क के किनारे गड्ढे में मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया भेज दिया।
थाना क्षेत्र के बाजाराटार महुअवा गांव निवासी संजय प्रसाद (34) पुत्र राम पुजारी दिव्यांग थे। वह बुधवार देर शाम अपनी ट्राई साइकिल से गढ़रामपुर बाजार करने गए थे। घर लौटते समय गढ़रामपुर-कोंहवलिया बाबूराय मार्ग पर परती द्वार गांव के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उनको ठोकर मार दिया था। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। देर रात जब वह अपने घर नहीं पहुंचे तो परिजन उनकी तलाश करने लगे। इस बीच सुबह उनका शव गड्ढे में मिला। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि दिव्यांग युवक की मार्ग दुर्घटना मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।