एकौना थाने में दिनभर फाइनेंस कर्मचारियों से चली बातचीत
संवाद न्यूज एजेंसी
एकौना। सूद की रकम के बदले के घर से जबरन राशन उठा ले जाने के मामले में चिट फंड कंपनी के कर्मचारियों पर कार्रवाई से एकौना पुलिस कतरा रही है। पीड़ित के तहरीर देने के 24 घंटे बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को पूरे दिन चिट फंड कंपनी के कर्मचारी और थाने की पुलिस के बीच बातचीत चली, लेकिन देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।
बैदा कोड़र गांव के दुर्गा पासवान का बेटा इंद्रजीत चेन्नई की एक कंपनी में मजदूरी करता था। करीब एक साल पहले बीमार होने पर वह घर लौट आया। इलाज में अधिक रुपये लगने पर उसने कुछ लोगों से कर्ज लिया। गांव के एक व्यक्ति की सलाह पर उसने चिट फंड कंपनी से कर्ज लेकर इलाज कराना शुरु किया। चिट फंड कंपनी का समय से किस्त जमा नहीं होने पर शुक्रवार को कंपनी के कर्मचारी इंद्रजीत के घर पहुंचे। घर पर इंद्रजीत के नहीं होने पर कर्मचारी उसके घर में घुस गए। बकौल दुर्गा पासवान कर्मचारियों ने उनके साथ बदसलूकी की और घर में किसी के नहीं होने पर कर्मचारी तीन बोरी गेहूं, चावल बाइक से उठा ले गए। घटना का मोहल्ले के लोगों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने एकौना पुलिस को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पुलिस के गांव पर पहुंचने पर पीड़ित ने चिट फंड कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी। खबर प्रकाशित होने के बाद चिट फंड कंपनी के कर्मचारी अब पुलिस को मैनेज करने में जुट गए। कर्मचारी के अधिकारी सोमवार को थाने में जमे रहे।
-
थाने में सक्रिय रहे कंपनी के दलाल
चिट फंड कंपनी के खिलाफ थाने में तहरीर पड़ने के बाद कुछ थाने के दलाल मामला मैनेज कराने में जुट गए। बसडीला गांव का एक युवक कंपनी के अधिकारियों के साथ थाने के पुलिस को मामला निपटाने को लेकर कई बार बात कराई, लेकिन तहरीर में कंपनी का नाम हटाने को लेकर पीड़ित तैयार नहीं हुआ। सूत्रों की माने तो बसडीला गांव का युवक कई लोगों को कंपनी से ब्याज पर रकम दिला कर वसूली कराता है। अब कंपनी के खिलाफ मामला उजागर होने पर वह चिट फंड कंपनी के अधिकारी और पीड़ित के बीच सुलह कराने को लेकर थाने में सक्रिय हो गया।
प्रधान ने कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
बैदा कोड़र गांव के ग्राम प्रधान रामेश्वर पाल ने चिट फंड कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि मामला उजागर होने के तीन दिन बाद भी एकौना पुलिस कोई कार्रवाई नहीं की। घटना के दिन कंपनी के अधिकारी से ग्राम प्रधान ने बात की। प्रधान ने आरोप लगाया कि फाइनेंस कंपनी का अधिकारी बताने वाले एक शख्स ने बात के दौरान उनसे बदसलूकी की। यदि पीड़ित की तहरीर के अनुसार कार्रवाई नहीं हुई, तो थाने का घेराव किया जाएगा। उन्होंने दोआबा में सक्रिय चिट फंड कंपनियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की।
मामले की जांच की जा रही है। फाइनेंस कंपनियों के कर्मचारियों से पूछताछ भी की गई है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
राजेश कुमार, एएसपी