रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही मंडलीय प्रतियोगिता में देवरिया को चैंपियन होने का गौरव मिला। गोरखपुर दूसरे, महराजगंज तीसरे और कुशीनगर चौथे स्थान पर रहा। प्राथमिक वर्ग में गोरखपुर के वीरू और कुशीनगर की रानी, उच्च प्राथमिक वर्ग में गोरखपुर के दिनेश और महराजगंज की कुमकुम सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रही। मुख्य और विशिष्ट अतिथियों ने चैंपियन बनी देवरिया की टीम को शिल्ड देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राज्यसभा की पूर्व सदस्य कनकलता सिंह ने कहा कि खेल के माध्यम से नेतृत्व और समूह में काम करने की भावना विकसित होती है। जीत-हार एक-दूसरे के पूरक हैं। शिक्षक के कंधे पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। पूर्वांचल के शिक्षकों में अदम्य शक्ति है। विशिष्ट अतिथि सलेमपुर के विधायक मनबोध प्रसाद ने कहा कि जिले में मंडलीय खेल का आयोजन अच्छी बात है। यहां की भूमि उर्वरा है। प्रदेश और देेश स्तर पर यहां के खिलाड़ियों ने अपनी पहचान बनाई है। मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक डॉ. सत्यप्रकाश त्रिपाठी और बीएसए राजीव कुमार यादव ने सभी खिलाड़ियों और अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला क्रीड़ा अधिकारी सर्वदेव सिंह यादव और संचालन जिला व्यायाम शिक्षक संजय कुमार सिंह एवं पंकज शुक्ल ने किया। निर्णायक की भूमिका संजय तिवारी, अवधेश सिंह, नरेंद्र मोहन सिंह, मनीष सिंह, संजय सिंह, गंगतेश्वर सिंह, रंजय कुमार पांडेय, श्रीराम यादव, मुकेश राय, संजीव दुबे, प्रिया गुप्ता और आशुतोष यादव ने निभाया। इस अवसर पर नोडल अधिकारी दीनानाथ साहनी, ओपी शर्मा, ज्ञानेंद्र सिंह, एसएस मल्ल, डीएन चंद्र, माधवेंद्र पांडेय, विनोद तिवारी, पंकज सिंह, कुशीनगर बीएसए पन्नाराम, महराजगंज बीएसए जयप्रकाश सिंह, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पीके शर्मा, हृदयनारायण जायसवाल, उमेश नारायण शाही, बजरंग बहादुर सिंह, शंभू कुशवाहा, सुदर्शन कुशवाहा, विजय सिंह, नरेंद्र सिंह, शिवचंद्र प्रजापति समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
इनसेट में-
यह रहा खेल का परिणाम
बास्केटबाल बालक वर्ग में कुशीनगर और बालिका वर्ग में देवरिया, खो-खो में देवरिया, जूनियर बालक वर्ग की कबड्डी में देवरिया, बालिका वर्ग में गोरखपुर, ऊंची कूद में महराजगंज के शैलेष और कुशीनगर की रानी कुशवाहा, बैडमिंटन में गोरखपुर, जिम्नास्टिक में देवरिया अव्वल रहा। 80 मीटर बाधा दौड़ बालक वर्ग में गोरखपुर और बालिका वर्ग में कुशीनगर, 4 गुणा 100 मीटर रिले रेस बालक वर्ग में देवरिया और बालिका वर्ग में गोरखपुर ने बाजी मारी। योग बालक वर्ग में गोरखपुर और बालिका वर्ग में देवरिया चैंपियन रहा। हॉकी, फुटबाल और हैंडबाल में देवरिया ने परचम लहराया। प्राथमिक वर्ग की लंबी कूद में गोरखपुर के बबलू और कुशीनगर की रागनी ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
इनसेट में-
बच्चों की प्रस्तुति रही मनमोहक
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने की प्रस्तुति मनमोहक रही। बरहज इलाके के करायल शुक्ल जूनियर हाईस्कूल की छात्राओं की प्रस्तुति, इंदुपूर की छात्रा की प्रस्तुति, कुंवर बखरा के छात्र की प्रस्तुति और सलेमपुर इलाके के एक विद्यालय के छात्रों का नृत्य और गीत सराहनीय रहा। इसके अलावा कई अन्य कार्यक्रम भी छात्रों ने प्रस्तुत किया।
इनसेट में-
1200 बच्चों ने किया प्रतिभाग
मंडलीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में 1200 बच्चों ने भाग लिया। तैराकी को छोड़कर 24 प्रकार के खेल का आयोजन किया गया। तरणताल का कार्य होने की वजह से तैराकी प्रतियोगिता नहीं हुई।