गुद्दीजोर के अधेड़ की जम्मू में मौत
ड्यूटी से निकलते वक्त दो पहिया वाहन की चपेट में आ गए
दस दिन बाद थी घर में शादी, घर और गांव में पसरा मातम
संवाद न्यूज एजेंसी
बरियारपुर। तरकुलवा थानाक्षेत्र के गुद्दीजोर गांव निवासी प्रेमप्रकाश पांडेय (50) की जम्मू में सोमवार की रात सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। शादी की तैयारी में जुटे परिवार में मातम छा गया।
गुद्दीजोर गांव के ओमप्रकाश पांडेय के बड़े लड़के विनय की शादी 10 दिन बाद है। परिवार के लोग इस तैयारी में लगे थे। रिश्तेदारों और दोस्तों को शादी का कार्ड दे दिया गया था। जम्मू के कठुआ में प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले उनके भाई प्रेमप्रकाश पांडेय भी शामिल होने वाले थे। 10 जनवरी का उनका टिकट भी निकाल लिया गया था। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात ड्यूटी से लौटते समय दो पहिया वाहन की चपेट में आ गए। आर्मी के जवान उन्हें अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही खुशियों वाले घर में मातम छा गया। गौरतलब है कि प्रकृति की लीला भी अजब है। जिस घर में शादी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी शहनाई बजने की तैयारी में लगे हैं तो एक क्षण में ऐसा हुआ कि घर में मातम छा गया। संयोग देखिए कि भतीजे विनय की हल्दी के दिन चाचा प्रेमप्रकाश पांडेय के ब्रह्मभोज का कार्यक्रम पड़ा है।